गुवाहाटी
आजकल लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व बदतमीजी की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती है जिनमें से कई ऐसी होती है जिनके बारे में जानकर कोई भी कांप सकता है। लेकिन इससें भी हटकर और घटिया हरकत लड़कियों के साथ होने की एक घटना सामने आई है। यह घटना असम के गुवाहाटी शहर के पांडू इलाके की है। यहां ऑटो रिक्शा में बैठकर कॉलेज से आ रही दो लड़कियों को साथ में बैठे व्यक्ति ने जबरदस्तीड्रग्स का इंजेक्शन लगाने की कोशिश की। अपने साथ हुई इस हरकत से घबराई लड़कियों ने अपनी जान बचाने के लिए चलते ऑटो से छलांग लगा दी।
यह घटना तब सामने आई जब ये लड़कियां अपने घर पहुंची और घरवालों को आप बीती सुनाई। इसके बाद इनके घरवालों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने ऑटो ड्राइवर तथा लड़कियों के साथ मास्क लगाकर सवारी के रूप में बैठकर उन्हें इंजेक्शन लगाने की कोशिश करने वाले व्यक्ति को पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया।
जब ये लड़कियां ऑटो में बैठकर अपना कॉलेज खत्म होने के बाद घर जा रही थी, तभी उनके साथ मास्क लगाकर बैठे एक व्यक्ति ने एक लड़की को इंजेक्शन लगाना शुरू कर दिया। इसके बाद लड़की को अपने शरीर में कुछ चुभने जैसा महसूस हुआ और उसने बगल में देखा तो मास्क पहने एक व्यक्ति उसको इंजेक्शन लगा रहा था। इस घटना का पता उसके साथ बैठी दूसरी लड़की को भी लग गया। अपने आपको खतरे में देख दोनों लड़कियों ने चिल्लाते हुए चलते ऑटो से छलांग लगा दी और सड़क पर गिर गई। हालांकि इस घटना के बाद ऑटो ड्राइवर और मास्कमैन वहां से फरार हो गए।
घटना सामने आने के बाद घायल हुई छात्राओं को शहर के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया गया है ये दोनों लड़कियां पांडू कॉलेज की स्टूडेंट्स हैं। हालांकि जालुकबाड़ी पुलिस ने इस घटना के आरोपी मास्कमैन तथा ऑटो ड्राइवर राजीव रॉय को गिरफ्तार कर लिया।