संदेश न्यूज। कोटा.
आवक घटने से मंगलवार को चंबल के बांधों से पानी की निकासी बहुत कम हो गई। इससे कोटा से धौलपुर तक चम्बल किनारे की बस्तियों में भरा बाढ़ का पानी लगभग पूरी तरह उतर गया। लगातार पानी निकासी से बांधों का जलस्तर निर्धारित भराव क्षमता से भी कम हो गया है। पानी उतरने के साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। माना जा रहा है कि बुधवार को सभी बांधों के गेट लगभग पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे या मामूली पानी छोड़ा जाएगा। अधीक्षण अभियंता एडी अंसारी ने बताया कि रात नौ बजे कोटा बैराज से करीब 2 लाख 80 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही थी। इस बांध के नौ गेट बंद कर दिए गए हैं। 10 गेट करीब 184 फीट तक खुले हुए हैं। कोटा बैराज का जल स्तर मंगलवार को 851.40 फीट रह गया। इसी तरह गांधी सागर बांध से मंगलवार को 2 लाख 13 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई। बांध में पानी की आवक एक लाख 40 हजार क्यूसेक हो रही है।बांध के 9 छोटे (स्लूज) और 6 बड़े (क्रेस्ट) गेट खुले हुए हैं। गांधी सागर का जलस्तर कुल भराव क्षमता 1312 से भी नीचे 1310.57 फीट ही रह गया है। राणा सागर बांध से दो लाख 45 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके 6 गेट खुले हुए हैं। वहीं अलावा जवाहर सागर बांध से 2 लाख 82 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा रहा है। इसके 7 गेट खुले हुए हैं।