कोटा. बाढ़ से हुए नुकसान के मुआवजे तथा पानी व सफाई की मांग को लेकर बुधवार दोपहर बाद नयापुरा खाई रोड गुजराती बस्ती के लोगों और व्यापारियों ने नयापुरा पुल पर जाम लगा दिया। इसके चलते पुल पर दोनों और से यातायात जाम हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों व लोगों से जाम हटाने के लिए कहा तो वे तैयार नहीं हुए, पुलिस ने हल्की सख्ती की तो लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठीवार कर लोगों को खदेड़ा। पथराव के चलते दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस उपाधीक्षक भगवत सिंह हिंगड़ ने बताया कि बस स्टैंड चौकी पुलिस से सूचना मिली थी कि खाई रोड के लोगों व व्यापारियों ने नयापुरा पुल के रास्ते में बैठकर जाम लगा दिया है। पुलिस ने समझाइश की पर लोग जाम हटाने को तैयार नहीं हुए, इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया गया, इसे देख लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, इसमें कांस्टेबल लोकेश व उप निरीक्षक अशोक को चोटें आई। इसके जबाव में पुलिस ने भी लोगों पर लाठीवार किया, इसके बाद जाम खुल गया।
मामला दर्ज
पुलिस ने पवन अग्रवाल, रमेश मीठा, दिनेश जोशी, कस्तूर गुजराती, विजय गुजराती, बबलू गुजराती, नटवर गुजराती, लक्की मोबाइल दुकान वाला तथा सागर गुजराती सहित अन्य लोगों के खिलाफ आम रास्ता रोकने तथा पुलिस पर पथराव करने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस पूरे मामले की वीडियोग्राफी करवाई गई। इस वीडियोग्रामी के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। सूचना पर कुन्हाड़ी और बोरखेड़ा थाना पुलिस सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील भी मौके पर पहुंचे। उल्लेखनीय है कि चंबल की बाढ़ का पानी दुकानों और घरों में घुसने से खाई रोड के करीब 200 व्यापारियों को करोड़ों का नुकसान हुआ है। हालांकि प्रशासन द्वारा सर्वे कराकर मुआवजा देने की बात कही जा रही है।