चंडीगढ़. भाजपा ने हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा ने पहली सूची में 78 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। भाजपा द्वारा जारी सूची में 38 मौजूदा विधायक भी शामिल हैं। इस बार 7 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे भी हैं। खास बात यह कि पार्टी की ओर से इस बार पूर्व हॉकी प्लेयर संदीप सिंह, पहलवान बबीता फोगाट और योगेश्वर दत्त को भी प्रत्याशी बनाया गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को इस चुनाव में करनाल सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। खट्टर 2014 में करनाल सीट से चुनाव जीते थे। उनके अलावा पहलवान योगेश्वर दत्त को बरौदा, स्टार पूर्व ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह को पिहुआ से, पहलवान बबीता फोगाट को दादरी से उम्मीदवार बनाया गया है। लतिका शर्मा को कालका और ज्ञानचंद्र गुप्ता को पंचकूला से टिकट दिया गया है।
बीरेंद्र सिंह की पत्नी को भी मिला टिकट
पार्टी की सूची के अनुसार हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला टोहाणा, कैप्टन अभिमन्यु नारनौंद और ओम प्रकाश धनखड़ बादली से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और जाट नेता बीरेंद्र सिंह की विधायक पत्नी उचाना कलां से चुनाव लड़ेंगी। इस सीट पर 2014 में उन्होंने जीत हासिल की थी। भाजपा की सूची में 9 महिलाएं और 2 मुस्लिम प्रत्याशी भी शामिल हैं।
जेजेपी और बीएसपी ने भी घोषित किए नाम
इस चुनाव में भाजपा का मुख्य मुकाबला कांग्रेस और जेजेपी से होना है। रविवार को ही दुष्यंत चौटाला के दल जननायक जनता पार्टी ने राज्य में 10 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया था। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी ने भी रविवार को अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी।