मुंबई. महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी के अंदर कलह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम ने गुरुवार को ट्विटर के जरिए पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। संजय टिकट वितरण को लेकर पार्टी आलाकमान से नाराज हैं। उन्होंने दो ट्वीट कर कहा कि शायद पार्टी को अब उनकी सेवाओं की जरूरत नहीं रह गई है। उन्होंने ट्वीट में लिखा ऐसा लगता है कि पार्टी को अब मेरी सेवाओं की जरूरत नहीं है। मुंबई में मैंने विधानसभा चुनाव के लिए सिर्फ एक नाम की सिफारिश की थी। पता चला है कि उसे भी खारिज कर दिया गया। मैंने नेतृत्व को पहले ही बताया था कि ऐसी स्थिति में मैं चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लूंगा। यह मेरा आखिरी फैसला है। अगले ट्वीट में लिखा, मुझे उम्मीद है कि पार्टी को गुड बाय कहने का समय नहीं आएगा। लेकिन, लीडरशिप जिस तरह से मेरे साथ बर्ताव कर रही है, उससे लगता है कि अब वह दिन दूर नहीं है।