संदेश न्यूज। कोटा.
महात्मा गांधी की 150वीं जयन्ती के अवसर पर केशवरायपाटन में भगवान केशवराय जी मंदिर से बुधवार को सामाजिक क्रांति और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत का संदेश दिया गया। लोकसभा अध्यक्ष बिरला के कहा कि अभियान की शुरुआत संसदीय क्षेत्र के केशव की नगरी से हुई है ऐसे में अभियान में स्थानीय नागरिक सामूहिक भूमिका निभाकर राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें। गांधी जी का जीवन व दर्शन, आदर्शों का प्रतिमान है। गांधी ने सत्य, अहिंसा और शांति पर आधारित अपने जनआंदोलन से देश को आजादी दिलवाई। बिरला के नेतृत्व में 6 किलोमीटर से भी अधिक लम्बी पदयात्रा प्रारंभ हुई। पदयात्रा का लोगों ने जगह-जगह स्वागत द्वार लगाकर, आतिशबाजी कर व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर केशवरायपाटन विधायक चन्द्रकांता मेघवाल, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, प्रदेश मंत्री छगन माहुर, देहात जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, कोटा दक्षिण युवा मोर्चाप्रभारी राकेश नायक सहित कई लोग उपस्थित रहे।
पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों का नेतृत्व करे भारत
बिरला ने कहा कि आज सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। पूरी दुनिया में इसको लेकर गंभीर चिंता है। जलवायु पर इसके विपरीत प्रभाव के कारण विश्व के सभी मंचों पर इस पर रोक लगाने की मांग उठ रही है। यह खुशी की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दिशा में पहल भी कर चुके हैं। अब जरूरत है कि हम भी उनके प्रयासों में सहभागी बनें। हम सब के प्रयासों से ही भारत पर्यावरण संरक्षण में विश्व स्तर पर किए जा रहे प्रयासों का नेतृत्व कर सकता है। सिंगल यूज प्लास्टिक नामक इस बुराई को समाप्त करने का एकमात्र तरीका है कि हम इसका उपयोग हीं नहीं करें। बिरला ने कहा कि समाज के समक्ष जो भी चुनौतियां व्याप्त हैं, उन सबका समाधान महात्मा गांधी के विचारों और उपदेशों में उपलब्ध है। जरूरत है तो बस महात्मा गांधी के जीवन और दर्शन को आत्मसात करने की।