संदेश न्यूज। कोटा.
रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर की सेवा संकल्प पदयात्रा नगर पालिका के वार्ड एक स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर चौराहे से हुई। दिलावर ने स्वच्छकारों का मंच पर सम्मान किया और पैर धोकर यात्रा शुरू की। इस अवसर पर समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि बाबा निरंजन नाथ अवधूत ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा न केवल आमजन के लिए बल्कि अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणादायी है। यात्रा में सम्मिलित भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन को नसीहत दी कि हमारा यह कार्यक्रम प्रतिकात्मक नहीं होना चाहिए। इसके ठोस परिणाम आने चाहिए। यात्रा के दौरान सभी क्षेत्रों में ऐसी सफाई होनी चाहिए कि लोगों को रोगों से मुक्ति मिलें। विधायक मदन दिलावर ने कहा कि यह पदयात्रा सांकेतिक नहीं है यह मेरा संकल्प है और मैं आप सबके बीच डटा रहूंगा। जब तक आप सबका आशीर्वाद और सहयोग है मैं पीछे नही हटूंगा। इस रामगंजमण्डी को पूरी तरह से स्वच्छ बनाकर ही रहूंगा। पर्यावरण साफ हो इसके लिए सफाई के साथ-साथ पौधे लगाना भी आवश्यक है। इसीलिए यात्रा में पौधारोपण अभियान को जोड़ा गया है। पौधा लगाने के बाद पेड़ बनने तक हमें उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमें निभानी है। महापौर महेश विजय ने कहा कि दिलावर साहसी विधायक हैं जो स्वच्छकारों का पैर धोने की हिम्मत करते हंै। छुआ-छुत के खिलाफ दिलावर की ये साहसी पहल है। इस अवसर पर कोटा से पधारे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री छगन माहूर, जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह अमृतकुआं, रामगंजमण्डी नगरपालिका चेयरमैन हेमलता शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ एलएन शर्मा, महामंत्री चैनसिंह राठौड़ आदि ने सम्बोधित किया।
कार्यक्रम में वृक्ष मित्रों का सम्मान: वृक्ष मित्रों में सम्मानित होने वालों में नरेश, विश्व कुमार शर्मा, प्रकाश बैरागी, भैरोसिंह शेखावत, भीष्म कुमार शर्मा तथा अशोक राठौड़ शामिल है। दिनेश पाटीदार को उनके व्यक्तिगत प्रयासों से खाली पड़े भूखण्ड को विकसित कर अपनी मेहनत से उद्यान बनाने के लिए विधायक द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया।
आज आएंगे प्रदेश अध्यक्ष पूनिया
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया गुरुवार को रामगंजमंडी आएंगे। वे यहां विधायक मदन दिलावर की सेवा संकल्प पद यात्रा में शामिल होंगे। आमसभा सुबह 11 बजे रामगंजमंडी के बाजार नं. 1 स्थित माल गोदाम चौराहा पर होगी।
ऐसे होगा काम
दिलावर ने बताया कि यात्रा के मार्ग में कोई बिजली का तार लटका हुआ नहीं मिलेगा, कोई खम्भा टूटा हुआ नहीं मिलेगा, बिजली का मीटर खराब नहीं मिलेगा यदि मीटर खराब मिला तो बिजली विभाग द्वारा उसे तुरंत ठीक किया जाएगा। जिन लोगों के डिमाण्ड नोटिस निकल चुके है यात्रा के दौरान उनके कनेक्शन हो जाएंगे। पानी की टंकियों को साफ किया जाएगा। पात्र विकलांग, विधवा वृद्धजनों को यात्रा के दौरान पेंशन आवेदन कराए जाएंगे। इसके लिए बकायदा ई-मित्र कियोस्क यात्रा में उपलब्ध है। जिन पर कार्यकर्ता वंचित पात्र लोगों को आवेदन भरवाएंगे। गाड़िया लुहार और अन्य घुमन्तु जाति के पात्र लोगों को यात्रा के दौरान मुफ्त आवास दिलाया जाएगा। शहरी क्षेत्र के लोगों को 50 वर्ग मीटर तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को 100 वर्ग मीटर का आवास फ्री मिलेगा।