संदेश न्यूज। कोटा.
सूचना केन्द्र के सभागार में गुरूवार को ‘गांधी दर्शन एवं महिला सशक्तिकरण’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। गांधीवादी विचारक पंकज मेहता, नरेश विजयवर्गीय एवं शशि प्रकाश चौधरी द्वारा गांधी दर्शन एवं महिला सशक्तिकरण पर विस्तार से जानकारी देते हुए गांधीजी के विचारों एवं संदेशों को आत्मसात करने की बात कही। उपनिदेशक महिला एवं बाल विकास कृष्णा शुक्ला ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर गांधीजी के सपनों को साकार करने के लिए प्रचार प्रसार करने की सीख दी। उपनिदेशक मनोज कुमार मीना द्वारा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एंव योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। रचना विशाखा संस्था द्वारा कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीडन अधिनियम 2013 की विस्तृत जानकारी, ज्योति कश्यप प्रबन्धक वन स्टॉप सेन्टर द्वारा महिला संरक्षण कानून एवं महिला वन स्टॉप सेन्टर सेवाओं की जानकारी दी। ज्योति सुवालका द्वारा महिला सुरक्षा एंव सलाह केन्द्र की स्थापना एंव कार्यशैली के बारे में बताया। हेमलता गांधी द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं कार्यक्रम के अनुभवों को साझा किया।
‘महात्मा गांधी की नजर में हिंदी विषय’ पर विमर्श एवं सम्मान समारोह
कोटा. राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय कोटा में महात्मा गांधी की 150वीं स्वर्णजयंती समारोह का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘महात्मा गांधी की नजर में हिंदी’ विषय पर विमर्श एवं सम्मान सम्मारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके मुख्य अतिथि राम शर्मा रहे। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता निशा गुप्ता, विशिष्ट अतिथि सुजाता पारीक रहीं। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम संयोजिका शशि जैन ने रोली तिलक लगाकर किया। उदघाटन भाषण में डॉ दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि 8 मई 1933 से छुआछूत विरोधी आंदोलन की शुरुआत की। उनका यह आंदोलन समाज से अस्यपृश्यता मिटाने के लिए था। उन्होंने हरिजन नामक साप्ताहिक पत्र का प्रकाशन भी किया था। हरिजन आंदोलन में मदद के लिए गांधी जी ने 21 दिन का उपवास किया था। दलितों के लिए हरिजन शब्द गांधी जी ने ही दिया था। मुख्य अतिथी राम शर्मा ने कहा कि हृदय की कोई भाषा नहीं है, हृदय-हृदय से बातचीत करता है और हिन्दी हृदय की भाषा है। वही मुख्य वक्ता निशा गुप्ता ने कहा कि ‘गांधी जी की नजर में हिंदी’ के प्रति महात्मा गांधी का प्रेम बड़ा गहरा था। राष्ट्रीय व्यवहार में हिन्दी को काम में लाना देश की शीघ्र उन्नति के लिए आवश्यक है। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को पुरुस्कृत किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता परिधी नागर प्रथम, वात्सल्य शर्मा द्वितीय तथा ख्याति तृतीय रही। वही पेंटिंग प्रतियोगिता में डेयर प्रथम, भव्य द्वितीय तथा आयुष तृतीय रहे। इस दिवस पर भारत सरकार के फिल्म प्रभाग की गांधी स्मारक निधी के सहयोग से बनी मूल फिल्म के आधार पर बनी लघुवृत फिल्म दिखाई गई।
लायंस क्लब कोटा सेंट्रल ने दी सेवाएं
कोटा. सेवा सप्ताह के तहत गांधी उद्यान में गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गांधी जयंती मनाई गई। क्लब के सदस्य द्वारा शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने व सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ ली गई।
गांधी व शास्त्री जयंती पर बांटी गणवेश
कोटा. महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कोटा यूथ सोसाइटी द्वारा कोटा डेम की टापरी स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में गणवेश वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान कोटा यूथ सोसाइटी के सदस्यों द्वारा स्वच्छता अभियान व मच्छरों से होने वाली बीमारी जैसे डेंगू व मलेरिया के बारे में स्कूल के बच्चों को जानकारी दी गई। कोटा यूथ सोसाइटी के सचिव विकास सैनी ने बताया कि कोटा यूथ सोसायटी ने इस कई सरकारी स्कूल में निर्धन बच्चों को गणवेश वितरित की है।