जयपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए है। वैभव ने चुनावों में 19 मतों से जीत हासिल की। चुनाव में उन्हें 25 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी रामप्रकाश चौधरी को केवल 6 मत ही प्राप्त हुए। चौधरी ने कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी गुट से चुनाव लड़ा। डूडी अध्यक्ष पद के दावेदार थे, लेकिन नागौर जिला क्रिकेट संघ को मतदान के लिए अयोग्य करार देने के बाद से उनका नामांकन खारिज कर दिया गया। इसके बाद चौधरी ने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में आरसीए के निवर्तमान अध्यक्ष सी पी जोशी गुट का पैनल अध्यक्ष सहित सभी 6 पदों पर विजयी रहा। चुनाव में अमीन पठान उपाध्यक्ष, महेंद्र शर्मा सचिव, महेंद्र नाहर संयुक्त सचिव, कृष्ण कुमार निमावत कोषाध्यक्ष तथा देवाराम चौधरी सदस्य निर्वाचित घोषित किए गए। चुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सुबह 9 बजे मतदान शुरू हुआ जिसमें 32 मतों में से 31 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।