संदेश न्यूज। कोटा.
अधिकारियों से लेकर सफाईकर्मियों ने जब एकजुटता के साथ फावड़ा, तगारी और झाडू हाथों में थामें तो एमबीएस परिसर में जगह-जगह फैली गन्दगी एवं कूडे-कचरे के ढेर साफ हो गए। मौका था राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे गांधी सप्ताह के तहत शुक्रवार को सफाई अभियान का। जिसमें अधिकारियों एवं नगर निगम की टीम द्वारा सम्पूर्ण परिसर की सफाई की। जिला कलक्टर ओमप्रकाष के निर्देश पर नगर निगम, नगर विकास न्यास एवं जिला स्तरीय स्तरीय अधिकारियों द्वारा सुबह 7 से 9 बजे तक नगर निगम की सफाई टीम के साथ सम्पूर्ण अस्पताल परिसर की सफाई कर 20 टीपर से अधिक कचरे को एकत्रित किया। अधिकारियों के नेतृत्व में एमबीएस के मुख्य मार्ग से लेकर भवन के चारों तरफ फैले कचरे में पहले झाडू लगाकर एकत्रित किया गया। सभी नालियों की विशेष सफाई कर पॉलिथीन एवं थर्माेकॉल को हटाकर पानी के बहाव को निरन्तर किया गया। नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत, सचिव नगर विकास न्यास भवानीसिंह पालावत, जिला आबकारी अधिकारी दीपेन्द्रसिंह, उपायुक्त नगर निगम कीर्ति राठौड़, ममता तिवारी, राजपालसिह के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा दो घंटे तक लगातार सफाई अभियान को गति प्रदान की गई। कार्यालयों में भी चला स्वच्छता अभियान : महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सभी कार्यालयों में भी शुक्रवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यालय परिसरों की सफाई के साथ-साथ फाइल संधारण एवं कक्षों की भी सफाई की गई। निगम अधिकारी पहुंचे सफाईकर्मी के घर, बापू के संदेश को किया साकार : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के संदेशों को आत्मसात करते हुए नगर निगम के अधिकारी भेदभाव मिटाने का संदेश देने के लिए शुक्रवार को निगम के सबसे वरिष्ठ सफाईकर्मी रामस्वरूप वाल्मीकि के घर आकस्मिक रूप से पहुंचे तथा परिजनों के साथ चाय पीकर उनकी समस्याओं को भी सुना। सफाई कर्मचारी रामस्वरूप पिछले दो-तीन माह से लकवा रोग से पीड़ित होने के कारण सहारा लेकर चल पाते हैं। शुक्रवार को आकस्मिक रूप से नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को घर पर आया देखकर वह हक्का-बक्का रह गया। उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि उसके घर पर अधिकारी आकर समस्याओं को सुनेंगे तथा भेदभाव मिटाते हुए उसका आतिथ्य भी स्वीकार करेंगे। गणेशपुरा कच्ची बस्ती में दो कमरों के छोटे से आवास में परिवार सहित रह रहे रामस्वरूप की बीमारी की जानकारी मिलने पर आयुक्त नगर निगम वासुदेव मालावत, स्वच्छता अभियान के तहत एमबीएस परिसर में जारी सफाई अभियान के दौरान उपायुक्त कीर्ति राठौड़, मतता तिवारी एवं राजपाल सिंह के साथ स्टेशन स्थित गणेशपुरा कच्ची बस्ती स्थित उसके आवास पर पहुंचे और गांधीजी के संदेश को आत्मसात करते हुए उसके घर के आंगन में बैठकर परिजनों के साथ आतिथ्य स्वीकार करते हुए चाय पी।