जयपुर. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा वन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना मंगलवार को कहा कि भारत में घूस कर आतंकवाद करने वालो को भारत उनके घर में घूसकर मारेगा। जावड़ेकर ने मंगलवार को भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने बालाकोट में और सर्जीकल स्ट्राइक में इस तरह की कार्रवाई करके दिखा दिया हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसमें विरासत एवं आर्थिक क्षमता के आधार पर नहीं बल्कि मेहनत, प्रतिभा और लगन के आधार पर कार्यकर्ता पदाधिकारी बन सकता है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि विपक्षी पार्टी का अध्यक्ष का पद दो महिनो से खाली रहा तथा पूर्व अध्यक्ष कहां गए है उसे दुनियां में खोज रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश सबसे बडी राजनीतिक पार्टी बन गई है तथा देश में इसके 18 करोड़ सदस्य है। विजय दशमी पर हमे संकल्प लेना है कि इसके 130 करोड़ सदस्य बने और दुनिया में सबसे बड़ी पार्टी होकर उभरे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर ने कहा कि भाजपा में मेहनत एवं लगन से काम करने वाले कार्यकर्ता का सम्मान होता है और पूनियां इसका उदाहरण है। पूनियां के पास विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा और भाजपा के प्रदेश संगठन में कार्य करने का लम्बा अनुभव है। पूनियां ने अपने संबोधन में सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उनकी नियुक्ति पार्टी कार्यकर्ताओं के बल पर की है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वह सभी को साथ लेकर पार्टी के सिद्धांतो के अनुरूप कार्य करेंगे।