संदेश न्यूज। कोटा.
एक हैड कांस्टेबल की पत्नी ने अपना रौब दिखाते हुए सोमवार को सीमलिया टोल नाके पर तोड़फोड़ कर दी। सीमलिया थाने में महिला ने टोल प्लाजा कर्मचारियों पर जबरन रास्ता रोकने, अभ्रदता करने तथा गाली गलौज करने का मामला दर्ज कराया है। वहीं टोल प्लाजा कर्मचारियों ने महिला पर टोल नहीं देने तथा तोड़फोड़ करने और दादागिरी दिखाने का मामला दर्ज कराया है। दोनों पक्ष के आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पूरा मामला टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इस कैमरे में महिला लठ्ठ लेकर कर्मचारियों के पीछे दौड़ती और कांच तोड़ती नजर आ रही है। मध्यप्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल सुमन टिग्गा पत्नी राजकंवर के साथ कोटा आ रहा था। टोल प्लाजा पर टोल मांगा और इसी बात को लेकर विवाद हो गया। सुमन टिग्गा की पत्नी राज कंवर ने टोलकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। राज कंवर टोल प्लाजा के केबिन में अंदर गई और पहले कुर्सियां फेंकने लगी। साथ ही, टोल प्लाजा के एक-एक आदमी को धमकाती रही। यहीं नहीं डंडा लेकर उसने टोल प्लाजा के केबिन के कांच को तोड़फोड़ कर दी। साथ ही महिला ने टोल आॅफिस में भी तोड़फोड़ कर दी। महिला राजकंवर अपने पति की वर्दी का रौब साथ ही अपनी बहन और ताऊ के भी पुलिस में होने का हवाला दे रही है। महिला के हंगामा करने से टोल प्लाजा का काम रुक गया। ऐसे में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस मामले में राज कंवर की शिकायत टोल प्लाजा के कार्मिक अंकित सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं, अंकित सिंह की शिकायत पर सुमन टिग्गा और उसकी पत्नी राजकुमार सहित अन्य पर मुकदमा दर्ज हुआ है।