संदेश न्यूज। सुनेल. सुनेल थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबला खींची में मंगलवार सुबह एक मकान में महिला और तीन बच्चों के शव मिले। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस परिवार का मुखिया यानी बच्चों का पिता शाकिर हुसैन घटना के बाद से गायब है। एक ही परिवार के चार जनों की संदिग्ध मौत के मामले की प्रारंभिक पड़ताल में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की जानकारी मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी भी घटनास्थल पर पहुंचे और सुनेल थाने के पुलिसकर्मियों को जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सबसे पहले परिवार के मुखिया की तलाश की जाए। शाकिर पर काफी कर्ज होना बताया गया है। पुलिस ने बताया कि ढाबला खींची निवासी शाकिर हुसैन की पत्नी जाहिदा बी (40वर्ष), पुत्र अल्फेज(10), पुत्री मुस्कान (14) व अल्फिया (12) के शव उस मकान में मिले, जो शाकिर ने कर्ज के बदले गिरवी रख रखा था। इस मकान पर दो माह से ताला लगा था। जबकि शाकिर इस मकान से कुछ ही दूरी पर अपने रिश्तेदार के मकान में किराए से रह रहा था। किराए के मकान में उसने किराने की दुकान भी लगा रखी है। मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक भी दुकान नहीं खुली और घर में कोई नहीं दिखा तो रिश्तेदार की बेटी पुराने मकान पर देखने गई। वहां उसे परिवार के सदस्यों के शव नजर आए। उसने लौटकर मोहल्ले वालों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने सुनेल थाने को सूचना दी। इस पर पिड़ावा व भवानीमंडी के पुलिस उप अधीक्षक तथा सुनेल थाने के एसएचओ जितेंद्र सिंह जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
गले में रस्सी, मुंह में झाग
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। उस वक्त शाकिर की पत्नी जाहिदा बी के मुंह से झाग आ रहे थे। उसी के पास पुत्र अल्फेज का शव था, जिसके गले में रस्सी बंधी हुई थी। इसी तरह एक पुत्री के शव के गले में रस्सी तथा दूसरी पुत्री के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था। ये शव मकान के बरामदे व कमरे में पड़े मिले। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही कि क्या इन्हें किसी तरह यहां लाकर मारा गया या घटना अन्य जगह हुई और शव यहां लाए गए। ये मकान बाहर से बंद है तथा पास वाले घर में जहां किराए से यह परिवार रह रहा था, उसकी छत के रास्ते से ही घटनास्थल तक आ-जा सकते हैं। पुलिस ने सुनेल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल बोर्ड से शवों का पोस्टमार्टम कराया तथा उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया। पुलिस ने धारा 328 व 302 में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरु किया।
पंद्रह दिन पहले ही खरीदा था ऑटोरिक्शा
यह भी बात सामने आई कि शाकिर ने एक ऑटोरिक्शा भी खरीदा था। कर्ज में डूबे होने पर भी इसके लिए रुपयों का इंतजाम कैसे किया, यह किसी को पता नहीं है। उसको सुबह साढ़े पांच बजे इंदौर जाने वाली प्राइवेट बस में बैठकर जाते देखा गया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि इस बस में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। बस के वापस सुनेल आने पर सीसीटीवी फुटेज देखे जाएंगे।
पैसे मांगने आए थे कुछ लोग
मृतक महिला के जेठ इकबाल ने बताया कि मेरे भाई शाकिर से सोमवार को सुनेल से कुछ लोग पैसे मांगने आए थे। मेरे भाई ने उसका मकान भी गिरवी रख रखा है। हो सकता है कि इस बात का वारदात से कोई संबंध हो।
सभी के गले में थे निशान
झालावाड़ जिला पुलिस अधीक्षक राममूर्ति जोशी ने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया है। सभी मृतकोें के गले में निशान थे। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पर आगे कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया है कि मृतकों के परिवार का मुखिया शाकिर है, जिस पर कर्ज काफी ज्यादा है। वह सुबह 5:30 बजे से ही फरार है। उसकी भी तलाश जारी है।