संदेश न्यूज। कोटा.
जो गंदगी फैलाए, डिस्पोजल में चाय पीए भगवान उनके घर में कभी सुख समृद्धि नहीं देना, उनके हाथ पैर तोड देना। माता उन्हें बीमार कर देना, उनके घर में धन की कमी रहे। ऐसी प्रार्थना रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर ने स्वच्छता अभियान के दौरान माता के मंदिर में की। पूजा अर्चना करने के दौरान ऐसी प्रार्थना का एक वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें उन्होंने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जमकर बद् दुआएं दी हैं। इस सम्बंध में जब उनसे बात की तो उनका कहना है कि इस वीडियों को आधा दिखाया गया है। मैंने ये कहा था कि गंदगी से लाखों लोग बीमार होते हैं, कई लोगों की जान चली जाती है। मच्छर मक्खी से बीमारियां होती हैं, ऐसे लोगों को सबक सिखाने व जागृत करने के लिए ऐसा कहा था ताकि उनके मन में भय पैदा हो और वह गंदगी नहीं फैलाएं। आधा वीडियो दिखाने वालों को स्वच्छता अभियान पच नहीं रहा है। दिलावर ने कहा कि मैंने शुरू में कहा है कि जो लोग साफ सफाई रखते हैं, कचरा नहीं फैलाते, पॉलीथिन का उपयोग नहीं करते भगवान उनके घर में सुख समृद्धि लाए, उन्हें कभी बीमार नहीं करें, उनके घर में लक्ष्मी आए, वह सदा ही सुखी रहे, उनका कभी बुरा नहीं हो। इसके पीछे केवल लोगों में भय पैदा कर गंदगी नहीं फैलाने के लिए प्रेरित करना है।