संदेश न्यूज, कोटा। शहर के किशोरपुरा मुक्तिधाम में शुक्रवार को अजीब वाकया हुआ। एक मृतक के शव को अंतिम संस्कार के लिए लाया गया। जैसे ही उसे चिता पर लेटाया गया, उसकी सांसे चलने लग गई। आनन फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे फिर मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मामले के अनुसार घोडा बस्ती निवासी पप्पू का गुरुवार रात को देहांत हो गया। शुक्रवार को शव को अंतिम संस्कार के लिए किशोरपुरा मुक्तिधाम लाया गया। यहां अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। शव को चिता पर लेटा दिया गया। इसी दौरान मृतक के मुंह से झाग निकले और शरीर में हलचल हुई। यह देख परिजन आनन फानन में उसे एमबीएस अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने चैक कर मृत घोषित कर दिया।