संदेश न्यूज,कोटा। राज्य सरकार की ओर से क्षेत्र को कोटा उत्तर और कोटा दक्षिण नगर निगम में दो टुकड़ों में बांटने पर आपत्ति जताते हुए पूर्व विधायक भवानीसिंह राजावत ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। इस निर्णय के विरोध में लाडपुरा के भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। आयोजित सम्मेलन में राजावत ने कहा कि कोटा में उत्तर और दक्षिण के दो निगम बनाकर लाडपुरा का अस्तित्व ही खत्म करना सरकार का गहरा षडयंत्र है। जबकि 15 साल पहले निगम की सीमा बढ़ाते हुए 35 गांवों को निगम में शामिल किया गया था। नए परिसीमन में गांवों को शामिल कर वार्ड और बढ़ाए जाएंगे। शहर में दो महापौर बनाने में लाडपुरा और रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र की भी अहम भूमिका हो, इस तरह वार्डों का पुनर्गठन हो। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष हेमन्त विजयवर्गीय, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यभान सिंह, शहर जिला महामंत्री अरविंद सीसोदिया, पूर्व जिला महामंत्री दिनेश सोनी, पूर्व प्रधान अनुराधा मीणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य अभय सिंह खेड़ली तंवरान, युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह चौहान, सरपंच संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह गौड़, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मित्तल, ट्रक यूनियन के महासचिव नवरत्न सिंह राजावत, लाडपुरा मण्डल अध्यक्ष जगदीश हाड़ा, बोरखेड़ा मण्डल अध्यक्ष कान सिंह ने भी सम्बोधित किया। सम्मेलन में सरपंचों, पार्षदों सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।