संदेश न्यूज,नई दिल्ली। हरियाणा में बहुमत के आंकड़े से दूर रही भाजपा का निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाना तय है। हरियाणा लोकतांत्रिक पार्टी के विधायक गोपाल कांडा ने कहा कि मेरा और 6 निर्दलीय विधायकों का भाजपा को समर्थन है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे। नतीजों के बाद खट्टर ने पहली बार कहा कि वे सरकार बना रहे हैं। चुनाव परिणामों में भाजपा को 40 सीटें मिली हैं, जबकि बहुमत का आंकड़ा 46 है। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर हरियाणा प्रभारी अनिल जैन, संगठन मंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री खट्टर और निर्दलीय विधायकों की बैठक हुई। गुरुवार को नड्डा से मिल चुके कांडा ने कहा कि मैं संघ में रहा हूं और भाजपा को मेरा समर्थन है। सभी निर्दलीय विधायकों का बिना शर्त खट्टर के साथ हैं। हरियाणा की 90 सीटों में से कांग्रेस को 31, जजपा को 10 और अन्य को 9 सीटें मिली हैं। हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री खट्टर से मुलाकात के बाद निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह ने भाजपा को समर्थन देने के ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों को ध्यान में रखते हुए भाजपा के साथ हूं। वहीं, गोपाल कांडा भी बिना शर्त समर्थन देने की बात कह चुके हैं। इनके अलावा निर्दलीय विधायक सोमवीर सांगवान, धर्मपाल गोंदर और नयनपाल रावत भी हरियाणा भवन में मौजूद हैं। इसबीच, हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है। हमें बहुमत से कम सीटें मिलीं, इस पर चिंतन जरूरी है। मुझे और पार्टी को नतीजों से सीख मिली है। निर्दलीय विधायक भाजपा के साथ आ रहे हैं। मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।