संदेश न्यूज,कोटा। राजस्थान में एंबुलेंस सेवा 108 व 104 गुरुवार सुबह 6 बजे से ठप हो गई। इससे लोग मरीजों को निजी वाहनों से अस्पताल लेकर पहुंच रहे है। इमरजेंसी में इलाज की जरुरत वाले मरीजों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक्सीडेंट में घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए बहुत परेशानी हो रही है। ऐसा ही मामला केशोरायपाटन लालसोट मार्ग पर सामने आया। जहां गाड़ी के सामने नीलगाय आ गई। जिससे बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। गोविंदा और विनोद नामक युवक घायल हो गए। लोगों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया तो वहां से हड़ताल की जानकारी मिली। जिसके बाद एक अन्य गाड़ी से घायलों को कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया।