संदेश न्यूज,जयपुर। राज्यपाल कलराज मिश्र राजभवन में रोजाना लोगों से मिल रहे है। लोगों से होने वाली मुलाकातों में उन्होंने पुष्पगुच्छ (फ्लावर बुके) लाने पर एतराज जताया है। वह चाहते है कि लोग सम्मान के रूप में एक फूल या सूत की माला लेकर मिलेंगे तो उन्हें और अच्छा लगेगा। राज्यपाल से मिलने वाले लोगों में जनप्रतिनिधि राजनीतिज्ञ प्रशासनिक अधिकारी और आमजन शामिल हैं। मिलने वाले अधिकांश लोग फ्लावर बुके भेंट करते है। इस पर राज्यपाल ने ये बात कही है। उन्होंने कहा कि अपेक्षा है कि लोग मेरी इस बात को फॉलों करेंगे और सम्मान के रूप में एक फूल या सूत की माला लेकर ही मिलेंगे। राज्यपाल कलराज मिश्र शुक्रवार को दोपहर में एयर इंडिया की नियमित फ्लाइट से दिल्ली गए। मिश्र दिल्ली में सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। राज्यपाल दिल्ली में उच्च शिक्षा के विभिन्न बिंदुओं पर विद्वानों से चर्चा भी करेंगे।