नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने गांधी परिवार के सदस्यों सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा में लगे विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) को हटाने का निर्णय लिया है और अब उन्हें केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के कमांडों की निगरानी में जैड प्लस सुरक्षा दी जायेगी। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने आज यहां बताया कि गांधी परिवार के सदस्यों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी जान को खतरे की समीक्षा के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। सुरक्षा और खुफिया एजेन्सियों से भी इस बारे में जानकारी हासिल की गयी है। समीक्षा में इस बात पर भी गौर किया गया कि गांधी परिवार को अभी किसी तरह का सीधा खतरा नहीं है।