इंदौर। भारत और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट की सीरीज का पहला मैच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को मयंक अग्रवाल और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। मयंक ने अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक लगाया। कप्तान विराट कोहली शून्य पर आउट हुए। उन्हें अबु जायेद ने एलबीडब्यू किया। भारत के शुरूआती तीनों विकेट जायेद ने लिए। इससे पहले चेतेश्वर पुजारा अपने टेस्ट करियर का 23वां अर्धशतक लगाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें जायेद ने सैफ हसन के हाथों कैच आउट कराया। पहले विकेट के तौर पर रोहित शर्मा 6 रन पर आउट हुए। जायेद की गेंद पर विकेटकीपर लिटन दास ने उनका कैच लिया। भारतीय ओपनर मयंक ने अपने आठवें मैच में टेस्ट करियर का तीसरा शतक लगाया। यह तीनों शतक उन्होंने पिछली पांच पारियों में लगाए हैं। मयंक ने पिछला शतक इसी साल अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे में लगाया था। उन्होंने यह तीनों शतक घरेलू मैदान पर और टेस्ट की पहली पारी में लगाए हैं। कोहली 8 पारी बाद शून्य पर आउट। उन्हें पिछली बार सितंबर 2019 में वेस्टइंडीज के केमार रोच ने किंग्सटन में आउट किया था। कोहली घरेलू मैदान पर तीन बार शून्य पर आउट हुए। उन्हें आखिरी बार नवंबर 2017 में खेले गए कोलकाता टेस्ट में श्रीलंका के सुरंगा लकमल ने आउट किया था। कोहली अपने टेस्ट करियर में 10वीं बार बगैर खाता खोले आउट हुए हैं।