सिकंदरा। दौसा जिले के सिकंदरा थाने में रविवार सुबह एक हैड कांस्टेबल ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना का पता चलने पर एडिशनल एसपी दौसा अनिल सिंह चौहान सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिकंदरा थाने में तैनात हैड कांस्टेबल की शनिवार को सिकंदरा नगरपालिका चुनाव में ड्यूटी लगी थी। वह रात को चुनाव ड्यूटी से लौटे थे। सुबह करीब सात बजे थाने में धमाके की आवाज सुनकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी वहां पहुंचे तो देखा की मालखाने के फर्श पर हरि सिंह लहूलुहान हालत में अचेत पड़े थे। पुलिसकर्मियों ने आला अधिकारियों को सूचना दी तथा हरि सिंह को सिकंदरा सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में दौसा रैफर कर दिया गया। हरि सिंह को दौसा ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।