संदेश न्यूज,कोटा। गुमानपुरा थाना इलाके में दो बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए एक महिला के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दिया। महिला छावनी गुरुद्वारे में दर्शन करने के लिए आई थी। इस दौरान एक युवक महिला के पास आया और बोला कि उसे वहां दूसरा व्यक्ति बुला रहा है। महिला वहां पहुंची तो उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि सोने के जेवर पहनकर मत घूमो, सुबह की एक महिला पर हमला हुआ है। इसके बाद महिला के सोने के कंगन उतरवा लिए और एक कागज में लाक की चूडियां बांध कर दे दी। महिला ने गुरुद्वारे में जाकर देखा तो पता लगा कि उनके साथ ठगी हो गई। बदमाशों में से एक का चेहरा सीसीटीवी में कैद हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।