संदेश न्यूज,जयपुर। केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण पूरे देश में हो रही आर्थिक मंदी, बेरोजगारी, महंगाई एवं बिगड़ती अर्थव्यवस्था के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को पैदल मार्च निकाला। जिसमें प्रदेश में कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और सहप्रभारी विवेक बंसल मौजूद रहे। इस रैली के दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कार्यकर्ताओं ने कहा कि आपको घबराने की जरूरत नहीं है। मोदी मोदी करने वाले भाग जाएंगे। इनके पास कोई सामान नहीं है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि एक वक्त पूरे देश में इंदिरा गांधी की आंधी चली थी। घबराने की जरूरत नहीं है। कब जनता का मूड बदल जाये पता नहीं है। मोदी मोदी करने वाले भाग जाएंगे, दिखेंगे ही नहीं। सीएम गहलोत ने कहा कि देश का चौथा स्तम्भ मीडिया आज दवाब में हैं। बिना मीडिया के लोकतंत्र जिंदा नहीं रह सकता है’। गहलोत ने कहा कि ये (भाजपा) पंडित नेहरू के बारे में क्या क्या कहते हैं, ये ओछी राजीनीति करने वाले लोग है, गाय की पूंछ पकड़कर वैतरणी पार करना चाहते है। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि दिल्ली में होने वाली 14 दिसम्बर की रैली को लेकर कहा-‘कौन कितने लोग लेकर आएगा मेरी नजर रहेगी। वहीं, डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि सत्ता में जरूर हैं लेकिन संघर्ष का मुद्दा वही है। दिल्ली ने जब जब हमे जिम्मेदारी दी है। हमने 10 गुणा करके दिखाया है
पीसीसी से शुरू होकर सिविल लाइंस फाटक पहुंचा पैदल मार्च
दोपहर करीब एक बजे चांदपोल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय से यह पैदल मार्च शुरू हुआ, जो कि करीब तीन बजे सिविल लाइंस फाटक पहुंचा। जहां एक सभा आयोजित की गई। मंच का संचालन कांग्रेस के शहर अध्यक्ष और परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने किया। पैदल मार्च में जयपुर शहर के सभी विधायक-विधायक प्रत्याशी, सांसद प्रत्याशी, मेयर एवं पार्षद, ब्लॉक अध्यक्ष एवं वार्ड अध्यक्ष कार्यकारिणी सहित, जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी,पीसीसी सदस्य एवं पीसीसी पदाधिकारी एवं कांग्रेस के सभी अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य तथा जयपुर शहर के समस्त 91 वार्डों सहित प्रदेशभर के हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।