संदेश न्यूज,कोटा। कैथून थाना इलाके में रविवार को दो पक्षों में झगड़ा हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों में फायरिंग हो गई। इसके बाद एक दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। चाकूओं से हुए हमले में दो युवक घायल हो गए,जिनका प्राथमिक उपचार करवाया गया। पुलिस ने बताया कि रविवार दोपहर पुलिया बस स्टेण्ड पर दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। सटटे के रुपयों के लेनदेन को लेकर अन्नू उर्फ अख्तर हुसैन और शाहिद उर्फ कालिया के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों ही पक्षों के लोग भी इकटठा हो गए और आपस में उलझ गए। इसी दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग भी कर दी। हालांकि फायरिंग में किसी को कोई चोट नही आई। इसके बाद दोनों ही पक्षों के बीच चाकू चल गए। जिसमें शाहिद और अख्तर दोनों को ही चोटें आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत दी गई। पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।