बोकारो. झारखंड में उग्रवाद प्रभावित बोकारो जिले में एक सीआपीएफ के एक जवान ने अपने दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी तथा तीन जवानों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस अधीक्षक पी. मुरुगन ने बताया कि झारखंड विधानसभा का चुनाव संपन्न कराने के लिए सीआरपीएफ 226 बटालियन के जवान छत्तीसगढ़ से आए हुए थे जिन्हें गोमिया प्रखंड के कुर्क नालो गांव स्थित उच्च विद्यालय एवं मध्य विद्यालय में ठहराया गया था। उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे जवान तपेंद्र यादव ने गोलीबारी की जिसमें सहायक कमांडेंट साहुल हसन और टी. भुइयां की मौके पर ही मौत हो गई तथा हरिश्चंद्र गोकाई, जीतेंद्र यादव और एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। मुरुगन ने बताया कि गोलीबारी में आरोपी जवान तपेंद्र भी घायल है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि संभवत: छुट्टी को लेकर हुए विवाद में जवान ने इस घटना को अंजाम दिया है।