रामेशवरम. श्रीलंका के नौसैनिकों ने रामेश्वरम के कच्छतीवू द्वीप में मछली पकड़ने गए तमिलनाडु के 100 से अधिक मछुआरों को रविवार को बंदूक की नोंक पर खदेड़ दिया और उनकी नौकाओं और मछली पकड़ने के जाल क्षतिग्रस्त कर दिए। समुद्र से लौटे मछुआरों ने बताया कि श्रीलंका के नौसैनिकों की गश्ती नौकाओं ने बीच समुद्र में उन्हें घेर लिया और मछली पकड़ने के लिए डाले गए उनके जालों को नष्ट कर दिया। उन्होंने नौकाओं, मछुली पकड़ने वाले यंत्र और लाखों रुपए मूल्य के जीपीएस सर्वेक्षण उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, उन्होंने बंदूक की नोंक पर उन्हें समुद्री सीमा से खदेड़ते हुए दोबारा रूख करने पर खतरनाक अंजाम की चेतावनी दी। मछुआरों ने कहा कि श्रीलंकाई नौसैनिकों के हमले में प्रत्येक नौका को 50 से 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मछुआरा संघ के अधिकारियों ने बताया कि करीब तीन हजार मछुआरे मछली पकड़ने के लिए रामेश्वरम से कल सुबह समुद्र की ओर रवाना हुए थे।