हैदराबाद। हैदराबाद पुलिस ने दावा किया कि वेटरनरी डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या में शामिल चार में से दो आरोपियों ने पहले भी 9 महिलाओं को दुष्कर्म के बाद जलाकर मारा है। बुधवार को आई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दो आरोपियों ने पुलिस के सामने यह बात कबूली थी। दरअसल, 27 नवंबर को चारों आरोपियों ने एक वेटरनरी डॉक्टर को दुष्कर्म के बाद जलाकर मार डाला था। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद 6 दिसंबर को जब पुलिस सभी को घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट करने के लिए ले गई तो उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों का वहीं एनकाउंटर कर दिया था। आरोपियों से हुई पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर साइबराबाद पुलिस की एक टीम कर्नाटक में छानबीन कर रही है। एक सीनियर अधिकारी ने बताया- चार आरोपियों मोहम्मद आरीफ, जे नवीन, जे शिवा और चेन्नाकेसावुलु ने दुष्कर्म के बाद हैदराबाद के बाहरी इलाके में वेटरनरी डॉक्टर को जला दिया था। आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद हम महिलाओं से दुष्कर्म और जलाने के ऐसे 15 मामलों में उनकी भूमिका की जांच कर रहे थे। इनमें से कई मामले तेलंगाना और कर्नाटक हाईवे पर हुए थे। चार में से दो आरोपियों ने 9 अन्य महिलाओं के साथ भी ऐसा ही करने की बात कबूली थी। अधिकारी ने बताया कि हम ऐसे हर मामलों की जांच कर रहे हैं और इसके लिए टीम को कई जगहों पर भेजा गया है। पुलिस का चौंका देने वाला यह दावा ऐसे समय किया गया है, जब सरकार ने 6 दिसंबर को किए गए एनकाउंटर की जांच के लिए एसआईटी का गठन करने के निर्देश दिए है।