संदेश न्यूज। आईपीएल के 13वें सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी गुरुवार को कोलकाता में होगी। पहली बार नीलामी कोलकाता में होगी। इस दौरान 73 स्थानों के लिए 338 खिलाड़ियों की बोली लगेगी। नीलामी से एक दिन पहले तक खिलाड़ियों की कुल संख्या 332 थी। अब लिस्ट में भारत के विनय कुमार, अशोक डिंडा, रॉबिन बिष्ट और संजय यादव को शामिल किया गया। वहीं, विदेशी खिलाड़ियों में आॅस्ट्रेलिया के मैथ्यू वेड और जैक वेदरलैंड का नाम जोड़ा गया। इस सीजन के लिए टीमों ने 35 विदेशी समेत 127 खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। किंग्स इलेवन पंजाब के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए सबसे 42.70 करोड़ रुपए हैं। वहीं, मौजूदा चैम्पियन मुंबई इंडियंस के पास सबसे कम 13.05 करोड़ रुपए हैं। मुंबई इंडियंस सबसे ज्यादा राशि खर्च करने के मामले में पहले स्थान पर है। उसने अब तक 71.95 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। इस मामले में 70.40 करोड़ रुपए के साथ चेन्नई दूसरे नंबर पर है। हैदराबाद (68 करोड़) के साथ तीसरे नंबर पर है। नीलामी में इस टीम के पास खर्च करने के लिए 17 करोड़ रुपए होंगे। पहली बार अमेरिका और स्कॉटलैंड के खिलाड़ी नीलामी में शामिल होंगे। अमेरिका के अली खान और स्कॉटलैंड के जॉर्ज मुंसी पर बोली लग सकती है। नीलामी के दिन फाइनल लिस्ट में शामिल 332 खिलाड़ियों को उनके रोल के हिसाब से बल्लेबाजों, गेंदबाजों, विकेटकीपर और आॅलराउंडर्स के अलग-अलग ग्रुप में रखा जाएगा। सबसे पहले बल्लेबाजों पर बोली लगेगी और नीलामीकर्ता खिलाड़ी का बेस प्राइस पुकारेगा।