नई दिल्ली.
शेयर बाजार ने गुरुवार को नया रिकॉर्ड कायम किया है। सेंसेक्स अब तक की अपनी ऐतिहासिक ऊंचाई पर खुला है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 284 अंकों की तेजी के साथ 44,902 पर खुला। हालांकि कारोबार के अंत में बाजार सपाट हो गया। सेंसेक्स ने पहली बार 44,900 का आंकड़ा पार किया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 102 अंकों की तेजी के साथ 13,215 पर खुला। अंत में सेंसेक्स अंक 14.61 की तेजी के साथ 44,632.65 पर बंद हुआ और निफ्टी 20.15 अंक की तेजी के साथ 13,133.90 पर बंद हुआ।
यह सेंसेक्स की अब तक की सर्वकालिक ऊंचाई भी है। हालांकि बाद में शेयर बाजार की यह तेजी थोड़ी कम हो गई।

करीब 1950 शेयरों में तेजी और 905 में गिरावट देखी गई। पीएसयू बैंक इंडेक्स में करीब 5 फीसदी की तेजी आई है। इसी तरह मेटल इंडेक्स में 2 फीसदी, ऑटो और एनर्जी सूचकांक में 1-1 फीसदी की तेजी आई है। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक में 0.6-0.8 फीसदी की तेजी आई है।
सेंसेक्स के शेयरों का हाल

कच्चे तेल में गिरावट, रुपया सपाट
गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में गिरावट आई है। उत्पादन में कटौती को लेकर सउदी अरब और रूस में गतिरोध का माहौल बना है, इस वजह से यह नरमी आई है। गुरुवार को रुपया सपाट खुला है। डॉलर के मुकाबले रुपया 73.81 पर खुला। बुधवार को यह 73.80 पर बंद हुआ था।
कल लाल निशान में बंद हुआ था बाजार
बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत वैसे तो हरे निशान में हुई थी, लेकिन थोड़ी ही देर में बाजार में उतार-चढ़ाव शुरु हो गया था। कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 37.40 अंकों की गिरावट के साथ 44,618.04 पर बंद हुआ। दूसरी तरफ, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 4.70 अंक की तेजी के साथ 13,113.75 पर बंद हुआ।