भीलवाड़ा.
भीलवाड़ा जिले के शंभूगढ़ क्षेत्र में युवक-युवती के शव घर में एक ही फंदे पर लटके मिले। पुलिस के अनुसार मामला प्रेम-प्रसंग का है और मौके पर सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें दिनेश पारीक नाम के शख्स पर उनकी बेइज्जती करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने बताया कि ग्राम नायकों का खेड़ा में सरोज नायक नाम की महिला शुक्रवार को अपने मायके गई थी। घर की देखभाल के लिए वह अपने भाई अर्जुन को छोड़कर गई थी।
शनिवार सुबह जब बहन वापस घर पहुंची तो अर्जुन एक युवती के साथ फंदे पर लटका हुआ मिला। युवती की शिनाख्त पल्लवी शर्मा के तौर पर हुई है। वह नजदीक के ही ग्राम कोठिया की रहने वाली थी और ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार रात करीब 8 बजे से युवती घर से लापता थी।
हम मजबूर थे, हमारी कोई गलती नहीं
मौके पर एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें लिखा है- हम दोनों की कोई गलती नहीं थी। हम मजबूर थे। दोनों की दिनेश पारीक सर ने बेइज्जती की थी। हम दोनों की बेइज्जती पांचू और अंकित ने करवाई है। हम दोनों मर रहे हैं। बदला लेने वापस आएंगे।