नई दिल्ली.
लगातार पांच सत्र में भारी गिरावट के बाद हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में तेजी का रुख है। सुबह बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 549 अंकों की तेजी के साथ 47,423 पर खुला। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 129 अंकों की तेजी के साथ 13,946.60 पर खुला। हालांकि इसके बाद इतनी तेजी नहीं रह पाई। सुबह 10 बजे के आसपास सेंसेक्स 46,884.92 पर पहुंच गया। इसी समय निफ्टी भी थोड़ा टूटकर 13,827.60 पर पहुंच गया। आज संसद में इकोनॉमिक सर्वे पेश होना है। ऑटो, मेटल और बैंकिंग सेक्टर में खरीदारी देखी गई, जबकि मिडकैप, स्मॉलकैप में भी आधा-आधा फीसदी की बढ़त देखी गई। एनएसई में करीब 928 शेयरों में तेजी और 203 शेयरों में गिरावट देखी गई।
आईआरएफसी की फीकी लिस्टिंग
रेलवे की कंपनी आईआरएफसी की लिस्टिंग आज हुई जो काफी फीकी रही। इसके शेयर 4.2 फीसदी गिरावट के साथ 24.90 रुपये पर लिस्ट हुआ, जबकि इसकी शेयर प्राइस 26 रुपये थी।
रुपया सपाट
शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 73.03 पर खुला। गुरुवार को रुपया 12 पैसे की नरमी के साथ 73.04 पर बंद हुआ था।
पिछले पांच दिन आई थी गिरावट
शेयर बाजार में गुरुवार को भारी गिरावट देखी गई। सुबह लाल निशान में खुला सेंसेक्स दोपहर 1 बजे के आसपास करीब 891 अंक तक टूटकर 46,518.48 तक पहुंच गया। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 535.57 अंकों की भारी गिरावट के साथ 46,874.36 पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 149.95 अंकों की गिरावट के साथ 13,817.55 पर बंद हुआ।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते गुरुवार को सेंसेक्स ने इतिहास रचते हुए 50 हजार का आंकड़ा पार किया था। हालांकि इस दिन कारोबार के अंत में सेंसेक्स में 167 अंकों की गिरावट आई थी और यह 49,624.76 पर बंद हुआ था। पिछले हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 746 अंक टूटकर 48,878.54 पर बंद हुआ। इस हफ्ते सोमवार को सेंसेक्स में 531 अंकों की गिरावट आई थी। 26 जनवरी मंगलवार को शेयर बाजार बंद था। बुधवार को सेंसेक्स 937.66 अंक गिरकर 47,409.93 अंक पर बंद हुआ। इस तरह सेंसेक्स पिछले पांच कारोबारी सत्र में कुल 2918 अंक टूट चुका था।