नीता अंबानी और मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी और उनकी पत्नी श्लोका मेहता माता-पिता बन गए हैं। श्लोक ने आज यानी 10 दिसम्बर को बेटे को जन्म दिया। बच्चे के आगमन से अंबानी परिवार बेहद खुश है। बता दें कि आकाश और श्लोका ने साल 2019 के मार्च में शादी की थी। बेटे के आगमन के लिए आकाश और श्लोका को बधाईयां मिल रही हैं।

अंबानी परिवार के प्रवक्ता ने इस खबर को लेकर बयान जारी किया है। बयान में बताया गया है कि भगवान कृष्ण के आशीर्वाद से श्लोका और आकाश अंबानी आज मुंबई में एक बेटे के माता-पिता बन गए हैं। नीता और मुकेश अंबानी पहली बार दादा-दादी बनने से बेहद खुश हैं।

बयान में आगे कहा गया कि धीरुभाई अंबानी और कोकिलाबेन अंबानी के पर-पोते का स्वागत खुशी से किया गया है। मां और बच्चा ठीक हैं। इस नए सदस्य के आगमन से मेहता और अंबानी परिवार में अपार खुशी का माहौल है।

आकाश और श्लोका की शादी मार्च के महीने में जिओ वर्ल्ड सेंटर में हुई थी। इस आलीशान जश्न में बड़े-बड़े बिजनेसमैन से लेकर नेता और बॉलीवुड के बड़े-छोटे सभी सितारे शामिल हुए थे। इतना ही नहीं यूके के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर भी अपनी पत्नी संग आकाश और श्लोका की शादी में आए थे।

बता दें कि श्लोका मेहता, फेमस डायमंड व्यापारी रसल मेहता और मोना मेहता की बेटी हैं। श्लोका पेशे से एक बिजनेसवुमन हैं। उन्होंने 2019 में नीता और मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी से शादी की थी।

शादी के बाद दोनों का ग्रैंड रिसेप्शन रखा गया था। इसमें अंबानी परिवार और बॉलीवुड के स्टार्स ने जमकर डांस किया और खुशियां मनाई थीं। इस शादी के चर्चे विदेशों तक हुए थे। प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन्स में भी स्टार्स को देखा गया था।

सभी ने मिलकर आकाश और श्लोक को आशीर्वाद और बधाईयां दी थीं। अब उनके बेटे के साथ अंबानी परिवार में नई खुशियां आई हैं। सभी इसे लेकर उत्साहित हैं।