संदेश न्यूज,नई दिल्ली। चुनाव आयोग शुक्रवार शाम 4:30 बजे झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। पिछली बार राज्य में पांच चरण में मतदान हुआ था। 81 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को खत्म हो रहा है। राज्य में अभी भाजपा और आजसू (आॅल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) की गठबंधन सरकार है। रघुवर दास मुख्यमंत्री हैं। बहुमत के लिए 41 का आंकड़ा जरूरी है। 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 37 और आजसू को 5 सीटें मिली थीं। बाद में झारखंड विकास मोर्चा के 6 विधायक भाजपा में शामिल हो गए। अभी भाजपा के पास 43 विधायक हैं। भाजपा-आजसू के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाला महागठबंधन चुनाव लड़ेगा। झामुमो 43 से 45, कांग्रेस 25 से 27, राजद और लेफ्ट 5-5 सीटों पर चुनाव लड़ सकता है। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) इस महागठबंधन से अभी बाहर है। इसकी वजह यह है कि झाविमो नेता बाबूलाल मरांडी किसी भी कीमत पर झामुमो नेता हेमंत सोरेन को महागठबंधन का नेता मानने को तैयार नहीं हैं। मरांडी अपनी पार्टी के लिए कम से कम 22 सीटें चाहते थे। लेकिन झामुमो और कांग्रेस उन्हें 10 से 12 सीटें देने को ही तैयार थी। इसके चलते झाविमो ने सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर दिया है।