संदेश न्यूज। कोटा/भवानीमंडी.
भवानीमंडी नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में कांटे की टक्कर में कांग्रेस के कैलाश बोहरा 8 मतों से विजयी रहे। इस दौरान भाजपा की तरफ से क्रॉस वोटिंग भी हुई। भवानीमंडी पालिका में कुल 40 पार्षद हैं। इनमें से भाजपा व कांग्रेस के 19-19 पार्षद विजयी हुए थे। 2 पार्षद निर्दलीय निर्वाचित हुए थे। इसके चलते करीब 7 दिन से सबकी निगाहें इस बात पर थी कि बोर्ड किस पार्टी का बनेगा। चेयरमैन के चुनाव में कांग्रेस के कैलाश बोहरा को 24 वोट मिले। कैलाश को कांग्रेस के 19 पार्षदों के अलावा 5 मत अतिरिक्त मिले। इससे माना जा रहा है कि कैलाश को दो वोट निर्दलीयों के भी मिले। वहीं, भाजपा की ओर से हुई क्रॉस वोटिंग के चलते 3 मत और मिले। भाजपा की पिंकी गुर्जर को 16 मत मिले। इस तरह नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कैलाश बोहरा 8 मतों से विजयी रहे।