संदेश न्यूज। कोटा.
कोटा नगर निगम चुनाव में सबसे दिलचस्प परिणाम उन वार्डों के रहे, जिनमें कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष रविंद्र त्यागी और भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी रहते हैं। इन दोनों पर पार्टी को पूरे शहर में मजबूत करने और जिताने की जिम्मेदारी थी, लेकिन इनके ‘घर’ में ही पार्टी को पराजय का मुंह देखना पड़ा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रविंद्र त्यागी कोटा दक्षिण के वार्ड 55 के निवासी हैं और निगम चुनाव में इस वार्ड में भाजपा जीत गई। वार्ड 55 में भाजपा के योगेश राणा ने कांगे्रस के विजय गुप्ता को 702 मतों से हराया। दूसरी ओर, शहर भाजपा अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी(रामबाबू) कोटा उत्तर नगर निगम के वार्ड पांच के निवासी हैं, जहां पर भाजपा बड़े अंतर से मात खा गई। वार्ड 5 में कांगे्रस के रफीक अहमद ने भाजपा के महेन्द्र को 1202 मतों से हराया।
भाजपा : कोटा दक्षिण के पार्षदों की रिसोर्ट में बाड़ाबंदी
कोटा दक्षिण में कांग्रेस व भाजपा की बराबर सीटें आने के बाद दोनों पार्टियां बोर्ड के गठन तथा महापौर व उपमहापौर पद के चुनाव में जीत हासिल करने की रणनीति बनाने में जुट गई हैं। इसी सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी ने अपने पार्षदों की मतगणना के बाद मंगलवार देर शाम को ही बाड़ेबंदी कर ली। सभी पार्षदों को देर शाम को बूंदी स्थित रिसोर्ट में एकत्रित कर लिया गया।
कोटा दक्षिण में सरकार बनाने में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका खास रहने वाली है। कोटा दक्षिण में आठ निर्दलीय पार्षद जीते हैं, इनके बारे में भाजपा का दावा है कि पांच पार्षद भाजपा की विचारधारा के हैं। शहर जिला कृष्ण कुमार सोनी ने कहा कि इन पांच निर्दलीय पार्षदों को भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए राजी कर लिया जाएगा। वहीं, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने बताया कि तीन निर्दलीय पार्षद रिसोर्ट पहुंच गए हैं।
इनके अलावा सभी 36 भाजपा पार्षदों को रिसोर्ट में बुला लिया गया है। शर्मा व सोनी के अनुसार कोटा दक्षिण की रणनीति के लिए भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों से संपर्क किया गया है। फिलहाल वहां से किसी नेता के आने के संकेत नहीं मिले हैं। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा दक्षिण में भाजपा ही बोर्ड बनाएगी। सभी विधायक महापौर पद के लिए मतदान होने तक रिसोर्ट में ही रहेंगे। उनके साथ चर्चा करके रणनीति तय की जाएगी।
कोटा दक्षिण में भाजपा से महापौर के ये हो सकते हैं दावेदार
भाजपा की ओर से महापौर के दावेदारों में सबसे ज्यादा विवेक राजवंशी की दावेदारी महापौर के लिए मानी जा रहा है, इसके साथ ही पूर्व उपमहापौर योगेन्द्र खींची भी महापौर की दावेदारी में है। वहीं चौथी बार जीतने वाले गोपाल राम मंडा भी दावेदारी पेश कर सकते हैं।
सबसे कम अंतर से दर्ज जीत
कोटा उत्तर के वार्ड 39 में सबसे कम अंतर से जीत देखने को मिली यहां कांग्रेस के दीपक ने अक्षय कुमार को हराया। इस वार्डमें कुल 6078 मतों में से 4277 मत पडे, जिसमें कांग्रेस के दीपक को 1488 मत प्राप्त हुए जबकी भाजपा के अक्षय को 1465 मत प्राप्त हुए। दीपक 23 वोटों से विजयी रहे।
दिग्गज हारे
चुनाव परिणामों में कोटा दक्षिण से पूर्व उपमहापौर सुनीता व्यास, पूर्व मेला समिति के अध्यक्ष राममोहन मित्रा, ईश्वर गंभीर चुनाव हार गए। सबसे बड़ी हार का सामना राममोहन मित्रा बाबला को करना पड़ा, वे वार्ड में तीसरे नम्बर पर रहे। वहीं सुनीता व्यास निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 112 वोटों से हारी।
गोपाल मंडा चौथी बार विजयी
कोटा दक्षिण में वार्ड 78 से भाजपा के गोपाल राम मंडा लगातार चौथी बार विजय हुए है। वहीं भाजपा विवेक राजवंशी तीसरी बार, भाजपा गिरीराज महावर तीसरी बार विजय हुए है। बाकि ज्यादातर नए पार्षद है।
कोटा उत्तर की सबसे बड़ी जीत
कोटा उत्तर के वार्ड 25 से कांग्रेस के फैजल बैग 1911 मतों से जीते। उन्होंने प्रतिद्वंदी साबिर मोहम्मद को हराया। वार्ड 25 में कुल 3669 में से 2747 वोट पडेÞ। इसमें से कांग्रेस प्रत्याशी फैजल को 2329 मत प्राप्त हुए वहीं भाजपा के साबिर मोहम्मद को 418 मत मिले।
कोटा दक्षिण की सबसे बड़ी जीत
कोटा दक्षिण वार्ड 16 से भाजपा की दीप कंवर की जीत सबसे बड़ी रही। उन्होने कांगे्रस की प्रीति सुमन को 1938 वोटों हराया। दीपकंवर को 3523 तथा कांग्रेस की प्रीति सुमन को 1585 वोट मिले।