जयपुर.
शहर में अजमेर रोड पर एक 13 नवंबर को हुई डेयरी संचालक की मौत का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी कई दिनों तक पुलिस को गुमराह करता रहा था। पुलिस को डेयरी के आस-पास के लोगों से दोनों के बीच आए दिन होने वाले झगड़े का पता चला था।
पुलिस ने वारदात के 19 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि आरोपी रामबिहारी (25) मूल रुप से मध्यप्रदेश का रहने वाला है। वह अपने परिवार के साथ हसनपुरा में किराए से रहता था। वह अपने बड़े भाई सुदामा के साथ नाटाणियों के चौराहे पर एक डेयरी बूथ चलाता था।
बड़े भाई सुदामा को शराब की लत थी। वह डेयरी पर भी शराब पीकर रहता था। ऐसे में कई बार छोटे भाई रामबिहारी उसे शराब नहीं पीने के लिए टोकता था। तब दोनों के बीच कई बार कहासुनी हो जाती थी। सुदामा डेयरी बूथ में ही रहता था। वहीं सोता था। जबकि, रामबिहारी रोजाना रात को घर जाता था।
जानकारी के मुताबिक 13 नवंबर को दोनों भाई शाम को डेयरी बूथ पर मौजूद थे। तब भी सुदामा व रामबिहारी के बीच शराब पीने की बात को लेकर झगड़ा हो गया। उनके बीच हाथापाई हुई तो सुदामा ने रामबिहारी के एक थप्पड़ मार दिया। इसके बाद तैश में आकर रामबिहारी ने डेयरी बूथ में रखे लोहे के एंगल से अपने भाई सुदामा पर ताबड़तोड़ वार कर दिया और उसे गंभीर हालत में छोड़कर घर चला गया। इसी बीच रातभर डेयरी बूथ में गंभीर हालत में पड़े रहे सुदामा ने दम तोड़ दिया।